आगामी त्योहारों को देखते खाद्य सामग्रियों की हुई जांच






मऊ। आगामी दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिलाधिकारी मऊ के निर्देश पर गुरुवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मऊ आरके दीक्षित के नेतृत्व में जनपद स्तरीय टीम द्वारा मोहम्मदाबाद गोहना तहसील के सरसेना,काझा,चिरैयाकोट, कमथरी,सलाहाबाद समेत अनेकों स्थानों पर नमूने लिए गये तथा माल को सीज भी किया गया।
सर्वप्रथम टीम ने काझा बाजार में दुल्लहपुर के संजीव कुमार प्रोपराइटर जयप्रकाश की गाड़ी जो सामान बेच रही थी,उस गाड़ी से दरवेश ब्रांड का तिल्ली के तेल का एक टिन मिला,जिसमें से सैंपल कर इसे सीज कर दिया गया।इसी प्रकार काझा बाजार में रमेश गुप्ता के दुकान से लाची दाना का नमूना लिया गया तथा 50 किलो लाची दाना के बोरी को सीज किया गया।कमथरी बाजार में मंटू गुप्ता के दुकान से लाची दाना का नमूना लेकर 30 किलो लाचीदाना सीज किया गया।चिरैयाकोट बाजार में विनोद कुमार के दुकान से मखाना का नमूना लिया गया।चिरैयाकोट बाजार मे आशीष ब्रांड की नमकीन एक गाड़ी से बेचते हुए पाए जाने पर उसमें लदी तीन बोरी नमकीन जप्त किया गया,तथा इसका नमूना भी लिया गया। टीम द्वारा सलाहाबाद में वीरेंद्र कुमार के दुकान से सिंघाड़े का नमूना लिया गया।संग्रहित किए गए सभी नमूनों को राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश लखनऊ को भेज दिया गया है। 
इस बाबत पूछे जाने पर अभिहित अधिकारी मऊ श्रवण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इन नमूनों में मिलावट पाए जाने के पश्चात रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत सुसंगत धाराओं में विधिक कार्यवाही की जाएगी।उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी चलता रहेगा।
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज यादव,बिंदु पांडे, रामानंद, जय हिंद राम आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< कोरोना को देखते हुये सरकार की गाइडलाइन के अनुसार रामलीला व दुर्गापूजा होगा
दुकान के शटर का ताला तोड़ कर चोरी >>