अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ही गांव के दो युवकों की मौत





मऊ : वाराणसी-गोरखपुर फेरलेन स्थित सरायलखंसी थाना के पनियरा गांव के पास गुरुवार की रात अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। इसमें मोहन राजभर और स्वागत राजभर की मौत हो गई। जानकारी होते ही स्वजन सहित ग्रामीणों में मातम पसर गया।

 

दक्षिणटोला थाना के क्षेत्र के रामपुर चकिया गांव निवासी 27 वर्षीय मोहन राजभर और 28 वर्षीय स्वागत राजभर शाम को गांव की एक महिला को गाजीपुर के मटेंहू गांव छोड़कर रात में घर वापस लौट रहे थे। बीच रास्ते पनियरा गांव के पास एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने सड़क पर दोनों को गिरा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों के पास मिले मोबाइल फोन से पहचान हुई। पुलिसकर्मियों को दोनों के घर भेजकर घटना की जानकारी दी गई। जानकारी होते ही रात में जिला अस्पताल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्वजन ने बताया कि दोनों विवाहित थे। मृतक मोहन पिता बनने वाला था और मृतक स्वागत की एक संतान है। दोनों गांव में ही रहकर खेती किसानी कर परिवार की जीविका चलाते थे। दोपहर बाद दोनों का शव गांव पहुंचते ही महिलाएं लिपटकर रोने लगीं। सरायलखंसी पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सेवा पखवाड़ा में मेडिकल कालेज में आधे खर्च पर होगा प्रसव
गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन हेतु अधिसूचना जारी, जनपद में आचार संहिता लागू >>