घोसी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद हरिनरायण का निधन, शोक

- घोसी लोकसभा क्षेत्र से दो बार लड़े चुनाव, पहली बार मिली जीत दूसरी बार मिली हार
- सीयर विधानसभा से दो बार विधायक व प्रदेश सरकार में रहे मंत्री
मऊ : घोसी लोकसभा के पूर्व सांसद हरिनरायण राजभर का 80 वर्ष की आयु में रविवार की दोपहर लखनऊ के मैक्स हास्पिटल में हार्ट अटैक से निधन हो गया। सुबह लगभग आवास पर दस बजे अचानक सीने में दर्द होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह एक बार सांसद, दो बार विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री स्व: कल्याण सिंह व राजनाथ सिंह की सरकार में 1997 से 2002 तक कारागार, लघु सिंचाई व ग्रामीण राज्य विकास मंत्री रहे। वह सीयर विधानसभा से वर्ष 1991 व 1996 में विधायक चुने गए। बलिया जनपद के बेल्थरारोड विधानसभा के टंगुनिया गांव निवासी पूर्व सांसद हरिनरायण राजभर वर्ष-2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सिंबल पर चुनाव लडे और बसपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को हराकर लाेकसभा सदस्य निर्वाचित हुए। इनको 1 सितंबर 2014 को रसायन उर्वरक मंत्रालय समिति का सदस्य चुना गया था। वहीं, पुन भाजपा के सिंबल पर दूसरी बार हरिनरायण राजभर वर्ष-2019 में लोकसभा घोसी से चुना लड़ा। इस चुनाव में बसपा के पूर्व सांसद अतुल राय से पराजित हो गए। इसके बाद भी पूर्व सांसद राजनीति में सक्रिय रहे।
उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा है। सांसद रहते हुए इन्होंने पार्टी कार्यकर्ता योगेंद्र नाथ राय के समर्थन में पुलिस के विरुद्ध सड़क पर अनशन भी किया था। पत्रकारों के एक मुद्दे को लेकर कोपागंज थाने में भी इन्होंने सांसद रहते हुए धरना दिया था। भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने बताया कि पूर्व सांसद का अंतिम संस्कार सोमवार को बलिया जनपद के गुलौरी मठिया स्थित शिव मंदिर के स्थान पर सुबह 10 बजे किया जाएगा।
----------------------
पूर्व सांसद के निधन पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
घोसी लोकसभा के पूर्व सांसद हरिनरायण राजभर के निधन की जानकारी मिलते ही इंटरनेट मीडिया पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा है। पूर्व सांसद को इंटरनेट मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, नगर विकास व उर्जा मंत्री एके शर्मा, सपा सांसद राजीव राय, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, मधुबन विधायक रामविलास चौहान सहित सभी राजनीति दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी।


