किसान से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते लेखपाल धराया, साथी फरार

- खेत की पैमाइश के लिए पांच हजार रुपये लेखपाल ने किसान से मांगा
-मौके देख फरार हुए साथी लेखपाल की तलाश में जुटी पुलिस
(मऊ) : खेत की पैमाइश के लिए किसान से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ लेखपाल को कटघरा महलू गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, साथी लेखपाल मौका देख फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।
मधुबन थाना क्षेत्र के धर्मपुरा कसायर कैथवली निवासी महेंद्र राजभर ने खेत की पैमाइश के लिए लेखपाल द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत आजमगढ़ की एंटी करप्शन टीम को किया था। आजमगढ़ की एंटी करप्शन टीम ने प्रभारी हरिशंकर कुमार शुक्ला के नेतृत्व में लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इसके बाद टीम भेष बदलकर अगल-बगल के दुकानों पर बैठ गई। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की धनराशि देने के लिए लेखपाल को कटहरा महलू के पास बुलाया गया। इसपर मधुबन थाना के नसीरपुर गांव निवासी लेखपाल अनिल कुमार व उसका साथी मखमेलपुर हल्का का लेखपाल नीरज कुमार चौधरी रिश्वत की धनराशि लेने पहुंच गए। लेखपाल ने जैसे ही शिकायतकर्ता से रिश्वत की धनराशि हाथ में पकड़ी तुरंत एंटी करप्शन की टीम ने पकड़ लिया। वहीं, दूसरा लेखपाल मौका देख फरार हो गया। एंटी करप्शन टीम रिश्वतखोर लेखपाल को लेकर थाने पहुंची। वहीं, फरार लेखपाल के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी ने बताया कि रिश्वतखोर लेखपाल को पकड़न में निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित, आनंद कुमार वर्मा, उप निरीक्षक ताहिर हुसैन खान, आरक्षी नंदलाल वर्मा, चंदन तिवारी, अमित सिंह, पंकज कुमार, निर्मल कुमार यादव, आरक्षी संतोष कुमार, रामअवतार गुप्ता शामिल रहे ।


