ये लो मेरी गुलक के पैसे ताकि कोई भूखा न रहे

चिरैयाकोट (मऊ), कोरोना वायरस को मात देने के लिए किये गये लाकडाउन के पांचवें दिन रविवार को स्थानीय नगर व आसपास के क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन के साथ ही समाज के जागरूक लोग गरीबों व असहायों की मदद के लिए आगे आने लगे हैं। वहीं नगर का साढ़े तीन वर्षीय एक बालक अर्श खान पुत्र अब्दुल्ला अपने पिता के साथ थाने में पहुँचकर थानाध्यक्ष विनोद कुमार तिवारी व एस0 आई0 देवेन्द्र कुमार को भूखे लोगों की सहायता करने के लिए अपना गुल्लक दान कर एक उदाहरण पेश किया। इस बच्चे का जज्बा देखकर थानाध्यक्ष ने कहा कि जिस देश में ऐसे बच्चे हों वहां के लोग भूखे नहीं मर सकते। वहीं थानाध्यक्ष ने नगर के इस्माइल नगर में तीन लोगों को तथा करमी ग्यारह लोगों को अपने स्तर से खाद्यान्न पहुंचाया। वहीं नगर के मुबारकपुर वार्ड के मुसहर बस्ती की लगभग एक दर्जन महिलाओं कौशिल्या, कुसुम, रीता, तजिया, ऊषा रेखा,मुन्नी, रेखा, गुड़िया आदि को मदरसा इस्लामिया फरुकिया के चिरैयाकोट के प्रबंधक मौलाना सैफुल्लाह अब्बासी ने खाद्यान्न व अन्य जरूरी सामग्री का वितरण किया। नगर के युसुफाबाद निवासी हाजी गुड्डू और बरकत अली ने भी अपने मुहल्ले के गरीब लोगो को खाद्यान्न वितरित किया। वहीं कुछ लोगों द्वारा लाकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया तथा 6 मोटरसाइकिलों का चालान काटा।


