किन्नर समाज ने सपा प्रत्याशी राजीव राय को विजयी होने का दिया आशीर्वाद





 

मऊ। समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए रसड़ा में केनरा बैंक के बगल में कार्यालय का मंगलवार को उद्घाटन किया। इस अवसर पर किन्नर समाज के लोगों ने समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राजीव राय को विजयी होने का आशीर्वाद दिया जबकि उन्होंने शुभाशीष देने के लिए किन्नर समाज का आभार जताया। 

   अपने भोजपुरी संबोधन में गठबंधन की इकाई कांग्रेस की प्रदेश सचिव पूजा राय बोलीं, राजीव राय को पैसे की जरूरत नहीं है क्योंकि वह खुद एक व्यवसायी हैं और सक्षम हैं। वह यहां कर्म करने के लिए आए हैं। महिला-पुरुष, किन्नर समाज सभी के आशीर्वाद से अच्छा परिणाम आएगा। वहीं पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मीडिया पर बहुत खर्च कर रही है। आजादी के आंदोलन में अखबारों ने बड़ी भूमिका निभाई थी। आज भी वैसी ही भूमिका की जरूरत है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के पक्ष में गरीब वर्ग लामबंद हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह धरती चीकू पांडे, मंगल पांडे और चंद्रशेखर की धरती है। हमें विपक्ष के हर अफवाह का जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा।

रतनपुरा के राणा सिंह ने कहा कि आज एक नैरेटिव सेट करने की कोशिश हो रही है कि सपा यादवों की पार्टी है क्योंकि नेतृत्वकर्ता यादव है। ऐसे ही कांग्रेस और अन्य पार्टियों के साथ भी कहा जा रहा है। मैं बताना चाहता हूं कि मोदी गुजरात के घोंची समाज के हैं और इस तरह से भाजपा घोंचियों की पार्टी है। 

   सबसे अंत में पार्टी प्रत्याशी राजीव राय ने उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सिर्फ सपा और इंडिया गठबंधन ही नहीं, भाजपा भी प्रचार कर रही है क्योंकि ओमप्रकाश राजभर ने किसी को भी नहीं छोड़ा है। इसलिए हर वर्ग उनके विरोध में है। उन्होंने कहा कि रसड़ा के लोग मीठी बोली के लिए जाने जाते हैं लेकिन ओम प्रकाश राजभर को जिसने भी सहारा दिया, उसी के लिए वह गले की फांस बन गये। भाजपा ने सहारा दिया तो उसे ही कोसने लगे। सपा से सहयोग लिया तो अखिलेश यादव को सैफई भेजने की बात कहने लगे। उन्होंने धूप में खड़े होकर उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं की हौसला आफजाई की। उन्होंने कहा कि जब 2014 में चुनाव लड़ा था तब से अब में बहुत कुछ बदल चुका है। सेवानिवृत्त सेना के जवान साथ में खड़े हैं। सुहेलदेव समाज के साथ ही किन्नर समाज भी आशीर्वाद दे रहा है। कांग्रेस ने जैसे हौसला बढ़ाया है, उससे विजय सुनिश्चित है। कार्यक्रम को पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के सचिव विजय शंकर यादव, राम इकबाल, चंद्रशेखर, राणा प्रताप सिंह, कमलेश सिंह, चंद्रशेखर सिंह, लल्लन यादव, कामेश्वर सिंह सहित कई अन्य लोगों ने संबोधित किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< चुनावो के बीच कारागार मंत्री ने प्रेस वार्ता कर दिया बड़ा बयान
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने पहुंचे उप मुख्यमंत्री >>