न ही मैं टूटूंगा और न ही क्षेत्र छोड़कर जाऊंगा : राजीव राय 





 

 

कार्यकर्ताओं को खुद को ही अखिलेश यादव और राजीव राय समझने का हौसला भरा

 

पिछले चुनावों में कम वोट पाने वाले बूथ और सेक्टरों की समीक्षा कर नए वोटरों को जोड़ने का निर्णय 

 

मऊ। घोसी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राजीव राय ने कहा कि टिकट मिलने के बाद 23 मार्च से वह लगातार क्षेत्र में हैं। कार्यकर्ताओं ने हर दिन उनका मनोबल बढ़ाया है।

   वह रविवार को बूथ और सेक्टर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के  जनप्रतिनिधि मुख्तार अंसारी की मौत के कारण बीच में कार्यक्रम जारी रखना अशोभनीय था। उन्होंने कहा कि 19 तारीख से आज तक मेरे खिलाफ 32 आर्डर पास हुए हैं। मुझसे फोन कर पूछा गया है कि आपने अपनी पत्नी के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए हैं। उसका एविडेंस के साथ डाक्युमेंट दीजिए। उन्होंने कहा कि मेरे पिता जी राज नारायण सिंह के संघर्ष के साथी रहे। मेरा बचपन चंद्र शेखर जी के आदर्शों के साथ बीता है। इसलिए मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, मैं टूटूंगा नहीं। न ही क्षेत्र छोड़कर जाऊंगा। मैंने आते ही यहां के डीएम-एसपी को बता दिया था कि मैं गाड़ियों की परमीशन लेकर आया हूं। कार्यकर्ता अपनी कमियों की समीक्षा कर लें। अभी तक मिली सारी रिपोर्ट में हम घोसी में जीत रहे हैं। हमें तोड़ने की बहुत साजिश हुई है लेकिन मैं टूटने वाला नहीं हूं। आप लोग ही मेरे अखिलेश हैं और मेरे राजीव राय हैं। आपके ही दम पर हमने 2022 में विजय पाई है। 2023 भी जीता है। 2024 में जीत गए तो इतिहास बन जाएगा। जब 2014 में हारने के बाद भी क्षेत्र नहीं छोड़ा है तो जांच एजेंसियों के डर से नहीं छोड़ूंगा। आप जब क्षेत्र में वोट मांगने जाएंगे तो पता चलेगा कोरोना में आपका प्रत्याशी पीड़ितों को अनाज बांट रहा था। विदेश में फंसे बच्चों को वापस लाने के लिए रात-दिन एक कर रहा था। लोग कह रहे थे कि हारने के बाद बंगलौर चले जाएंगे लेकिन हारने के बाद भी यहीं डटा रहा। जिसे यहां से जिताकर भेजा वह दिल्ली से लौटा नहीं है।

  वहीं घोसी क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के बूथ और सेक्टर कार्यकर्ताओं की बैठक में पिछले चुनावों में कम वोट पाने वाले बूथ और सेक्टर की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वहां वोट कम मिलने के कारणों की समीक्षा कर नये वोटरों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। 

  संचालन कर रहे सपा के विधानसभा क्षेत्र उपाध्यक्ष अमरेंद्र यादव ने इस दौरान सेक्टर, बूथ और ब्लाक के अध्यक्षों का सभी से परिचय कराया। उन्हें वोटरलिस्ट बांटी। उन्होंने कहा कि हमने जो लिस्ट दी है उसके अनुसार इस समय विधानसभा सभा क्षेत्र में 455 बूथ हैं जिसमें से एक और घटकर 454 हो गया है जबकि पहले 520 बूथ थे। इनमें से कई बूथ और पुरवों के नाम बदल गये हैं। उन्होंने बूथ प्रभारियों से नई स्थिति के अनुसार सूची में संशोधन कर अगले रविवार तक सूची उपलब्ध करा देने का निवेदन किया। उन्होंने बताया कि चार सेक्टर के ऊपर एक जोन बनाया गया है। उन्होंने बूथों पर जातिवार स्थितियां स्पष्ट करने, उस सेक्टर के प्रधान, पूर्व प्रधान, बीडीसी का नाम, पदनाम और वाट्सएप नम्बर मांगा जिससे उन्हें प्रचार सामग्री उपलब्ध कराने में सहूलियत मिल सके। उन्होंने कहा कि धोसी विधानसभा क्षेत्र में 40 सेक्टर हैं जबकि घोसी संसदीय क्षेत्र की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 200 सेक्टर हो जाएंगे। यदि हम एक दिन में पांच सेक्टर की बैठक कर लेंगे तो चार दिन बाद दूसरे सेक्टर का नम्बर आएगा। कुछ समय बाद बड़े पदाधिकारियों के दौरे होने लगेंगे, उसके पहले हमें यह काम कर लेना चाहिए। 

इसके बाद विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष लालचंद यादव ने रामभवन राम, राशिद कमाल, बिरजू निषाद, अशोक कुमार आचार्य सहित विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाले चेहरों से सभी का परिचय कराया। साथ ही बूथ, सेक्टर व अन्य कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का मौका दिया। कार्यक्रम को घोसी के पूर्व प्रमुख सुजीत सिंह, अमिला के पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता, घोसी के ब्लाक प्रमुख राम कृष्ण जी, राम दरश राजभर सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।

   अध्यक्षीय संबोधन में सपा के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव के साथ सभी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे मुख्तार अंसारी के लिए दो मिनट का मौन रहकर संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने भी कम वोट देने वाले बूथ और जोनों की समीक्षा पर जोर दिया। बैठक को लोहिया वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, घोसी के ब्लाक अध्यक्ष सुरेश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव (साधू यादव), जिला महासचिव रामधनी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना यादव, महिला सभा की प्रदेश सचिव कालिंदी राजभर, कोपागंज के ब्लाक अध्यक्ष विनोद यादव, बड़ांव के ब्लाक अध्यक्ष महेन्द्र यादव, घोसी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष लालचंद यादव, घोसी के विधानसभा महासचिव राम रतन चौहान सहित बड़ी संख्या में बूथ और सेक्टर कार्यकर्ता मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अरविंद राजभर ही लड़ेंगे घोसी से चुनाव , भाजपा करेगी प्रचार
आधुनिक भारत के महान शिल्पकार हैं डॉ हेडगेवारः डॉ संजय सिंह >>